

रिपोर्टर : धर्मराज
स्थान : हरिद्वार


बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने कच्ची शराब के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस को अहमदपुर ग्रंट गांव के खेतों में कच्ची शराब की भट्ठियां चलाए जाने की सूचना मिली थी।




सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान खेतों में रखे कई ड्रमों में करीब 5 हजार लीटर लहन बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही कच्ची शराब बनाने में इस्तेमाल की जा रही भट्टियां और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।



हालांकि पुलिस की कार्रवाई से पहले भट्टियां चलाने वाले लोग मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और अवैध शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।



