


स्टेशन – बाजपुर/उधमसिंह नगर
रिपोर्टर – अकरम चौधरी


उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज बाजपुर तहसील सभागार में रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीता।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद बलराज पासी, दर्जा प्राप्त गन्ना राज्य मंत्री सरदार मंजीत सिंह राजू, भाजपा नेता राजेश कुमार, एसडीएम डॉक्टर अमृता शर्मा, भाजपा नेता गौरव शर्मा, विहिप नेता यशपाल राजहंस और समाजसेवी विकास गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




इस अवसर पर क्षेत्र के दो राज्य आंदोलनकारियों — डॉक्टर नरेंद्र खत्री और पूर्व सांसद बलराज सिंह को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान और संघर्ष से ही उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ है।



कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी विकास गुप्ता ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के बावजूद उनका नाम आंदोलनकारियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि उनका नाम आंदोलनकारी सूची में दर्ज किया जाए ताकि उनके योगदान को भी उचित मान्यता मिल सके।


सभी वक्ताओं ने राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर क्षेत्रवासियों और प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य की कामना की।




