


लोकेशन – ऋषिकेश
संवाददाता – सागर रस्तोगी


राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष में आज श्री देव सुमन विश्वविद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देहरादून प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल शामिल हुए।



कार्यक्रम के दौरान कुल 545 राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के त्याग और संघर्ष की बदौलत ही आज उत्तराखंड राज्य अस्तित्व में आया है। उन्होंने कहा कि राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, और सरकार इस अवसर को रजत जयंती वर्ष के रूप में मना रही है।



कार्यक्रम में यह भी जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रजत जयंती समारोह में शामिल होने के लिए उत्तराखंड पहुंचेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री इस अवसर पर राज्य को नई सौगातें भी देंगे।





सम्मान समारोह में जहां आंदोलनकारी सम्मान पाकर गौरवान्वित और प्रसन्न नजर आए, वहीं कई आंदोलनकारियों ने राज्य के अधूरे विकास को लेकर नाराजगी भी जताई। आंदोलनकारियों ने कहा कि “राज्य बनने के 25 साल बाद भी हमारा सपना पूरा नहीं हुआ। विकास की गति धीमी है और कई मांगों पर अब तक अमल नहीं हुआ।”

कार्यक्रम के अंत में आंदोलनकारियों ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्तराखंड के उज्जवल भविष्य की कामना की।




