हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस नेता मुकर्रम अंसारी का फूटा गुस्सा, बोले – “हरिद्वार पर हुई बयानबाज़ी पर विधायक चुप क्यों रहे

हरिद्वार ग्रामीण से कांग्रेस नेता मुकर्रम अंसारी का फूटा गुस्सा, बोले – “हरिद्वार पर हुई बयानबाज़ी पर विधायक चुप क्यों रहे

स्थान : हरिद्वार

विधानसभा के विशेष सत्र में मैदानी इलाकों को लेकर हुई बयानबाज़ी के बाद अब हरिद्वार जिले की सियासत गरमा गई है। शनिवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा से चुनाव लड़ चुके मुकर्रम अंसारी ने अपनी ही पार्टी की विधायक अनुपमा रावत पर निशाना साधा।

अंसारी ने कहा कि हरिद्वार को लेकर विधानसभा में जब विवादित टिप्पणियां की जा रही थीं, तब हरिद्वार ग्रामीण की विधायक अनुपमा रावत सहित जिले के अधिकांश विधायक मौन रहे। उन्होंने कहा, “हरिद्वार जिले के तीन विधायकों को छोड़कर सभी आठ विधायक इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहे, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि हरिद्वार जिले का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अनुपमा रावत को अपने क्षेत्र की गरिमा और जनता की भावना का प्रतिनिधित्व करते हुए सदन में आवाज़ उठानी चाहिए थी।

अंसारी ने इस दौरान पार्टी नेतृत्व पर भी नाराज़गी जताते हुए कहा कि अगर जिले के नेताओं की अनदेखी इसी तरह जारी रही, तो वे जल्द ही कांग्रेस छोड़ने का निर्णय ले सकते हैं।

राजनीतिक गलियारों में अंसारी के इस बयान को कांग्रेस के भीतर असंतोष का संकेत माना जा रहा है। विधानसभा में हरिद्वार को लेकर हुई बयानबाज़ी और अब कांग्रेस नेता की नाराज़गी ने जिले की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है।