


लोकेशन- रूड़की
संवाद्दाता- प्रिंस शर्मा

एक ही परिवार में दो दिन में दो मौतें — आग के बाद अब हत्या से गम और दहशत का माहौल

रुड़की से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक ही परिवार में दो दिनों में दो मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया। पहले बीड़ी-सिगरेट के गोदाम में लगी आग में युवक की मौत हुई, और अब उसके अंतिम संस्कार में खून की होली खेली गई।





घटना पश्चिमी अंबर तालाब इलाके की है। बुधवार देर रात बीड़ी-सिगरेट के गोदाम में आग लगने से कुनाल नाम के युवक की दर्दनाक मौत हो गई थी। आज उसके अंतिम संस्कार में परिवारजन, रिश्तेदार और परिचित शोक व्यक्त करने जुटे थे।

लेकिन मातम का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया जब कुनाल के चाचा नमन पुंडीर और सहारनपुर से आए मामा सोनू चौहान के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ी कि नमन ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और बीच सड़क पर सोनू का गला रेत दिया।



खून से लथपथ सोनू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन और आस-पास के लोग स्तब्ध रह गए।

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं आरोपी नमन पुंडीर फरार बताया जा रहा है।


एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
दो दिन में एक ही परिवार की पहली मौत आग से और दूसरी खून से, घर में मातम और दहशत दोनों गहरा गए हैं। स्थानीय लोग सदमे में हैं और पूछ रहे हैं — क्या ग़ुस्सा रिश्तों का खून पी जाएगा?




