

स्थान: रामनगर
संवाददाता: सलीम अहमद साहिल

रामनगर और हल्द्वानी में बोले सीएम — विकास और सुशासन के प्रतीक हैं भाजपा सरकारें, उत्तराखंड के लिए कहा ‘यह दशक उत्तराखंड का दशक होगा’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल जिले के रामनगर और हल्द्वानी में मीडिया से बातचीत के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनाएगी।”




मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जिस तेज़ी से विकास कार्यों की गंगा बही है, वह अभूतपूर्व है। यही कारण है कि आज हर राज्य की जनता भाजपा और एनडीए गठबंधन पर भरोसा जता रही है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और हवाई सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता अब जंगलराज से मुक्ति पा चुकी है और सुशासन व विकास की राह पर आगे बढ़ना चाहती है।”



मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकारें अब देशभर में विकास का प्रतीक बन चुकी हैं, जिनकी गति और नीयत दोनों साफ हैं। उन्होंने कहा कि देशभर के लोग आज विकास और सुशासन के लिए भाजपा की सरकारों पर भरोसा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के युवा रोजगार, शिक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद लिए बैठे हैं, और यह तभी संभव है जब राज्य में एनडीए की सरकार बने। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बिहार में इस बार भी बड़े बहुमत से एनडीए की सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनेगी।


उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह राज्य के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि “हम हर उत्तराखंडवासी की जरूरतों को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध हैं। पिछले 25 वर्षों में राज्य ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और आने वाले 25 वर्ष उत्तराखंड के लिए स्वर्णिम दशक साबित होंगे।”
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से उत्तराखंड अगले दशक में अभूतपूर्व विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह दशक ‘उत्तराखंड का दशक’ होगा और सभी राज्यवासियों से एकजुट होकर समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड बनाने का आह्वान किया।




