

स्थान :- हरिद्वार
संवाददाता :- धर्मराज

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर कहा कि पूरा प्रदेश इस ऐतिहासिक अवसर को उत्सव की तरह मना रहा है। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है और इस पूरे वर्ष को रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।






मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि खेल विभाग भी इस अवसर पर लगातार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह देहरादून में राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ कर चुकी हैं और अब हरिद्वार के वंदना कटारिया स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करने आई हैं। इस अवसर पर पारंपरिक खेल पिट्ठू का प्रदर्शन मैच भी आयोजित किया गया।





रेखा आर्य ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं, बल्कि युवाओं में जोश और ऊर्जा भी भरते हैं। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर खिलाड़ी को बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलें, ताकि वे राज्य और देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने बताया कि रजत जयंती वर्ष खेल और संस्कृति दोनों को समर्पित है, और इस तरह के आयोजन इस उत्सव को और भी खास बना रहे हैं।





