खटीमा में किसानों की बैठक, गन्ने का समर्थन मूल्य ₹450 प्रति कुंतल करने की मांग

खटीमा में किसानों की बैठक, गन्ने का समर्थन मूल्य ₹450 प्रति कुंतल करने की मांग

स्थान – खटीमा, उधम सिंह नगर, उत्तराखंड

रिपोर्ट – अशोक सरकार

खटीमा तहसील हाल में किसानों ने आज बैठक कर गन्ने के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग की। किसानों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया गया, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है।

किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष मनजिंदर सिंह भुल्लर ने कहा कि गन्ने की प्रति कुंतल लागत करीब ₹350 आती है, जबकि सरकार से केवल ₹315–₹340 प्रति कुंतल ही मिल रहा है। उन्होंने मांग की कि उत्तराखंड सरकार गन्ने का रेट ₹450 प्रति कुंतल तय करे, ताकि किसानों को उचित लाभ मिल सके।

भुल्लर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ₹30 की बढ़ोतरी की है, लेकिन यह किसानों की लागत के मुकाबले बेहद कम है।

वहीं किसान नेता प्रकाश तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां भिन्न हैं, यहां खेतों में नदी-नालों के कारण नमी (सिपेस) रहती है, जिससे गन्ना बुवाई और छिलाई में अतिरिक्त मेहनत व खर्च लगता है। उन्होंने बताया कि केवल छिलाई की लागत ही ₹60-₹70 प्रति कुंतल तक पहुंच जाती है।

गन्ना समिति के अध्यक्ष बलजिंदर सिंह ने कहा कि 350 रुपए प्रति कुंतल में किसानों की लागत तक नहीं निकल पा रही है, क्योंकि अब दवाइयों और खाद के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। पहले एक बार कीटनाशक का छिड़काव करना पड़ता था, लेकिन अब तीन बार करना जरूरी हो गया है।

किसानों ने सरकार से गन्ने का समर्थन मूल्य कम से कम ₹450 प्रति कुंतल करने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।