


स्थान– उधम सिंह नगर
रिपोर्टर– चेतन बतरा

बीमारों के इलाज के लिए बना ऊधम सिंह नगर का जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय खुद बदहाली की स्थिति में पहुंच गया है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी बनी हुई है।





125 बेड वाले इस अस्पताल में फिजिशियन, बाल रोग, चर्म रोग, मनोरोग और चिकित्सा अधिकारी सहित कुल 49 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 18 चिकित्सक ही तैनात हैं। यानी अस्पताल में 30 से अधिक विशेषज्ञों के पद खाली पड़े हैं।

चिकित्सा सुविधाओं की कमी के चलते यह जिला अस्पताल अब इलाज का केंद्र नहीं बल्कि रेफर अस्पताल बनकर रह गया है।





हर दिन करीब 700 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन सीमित चिकित्सकों के कारण लंबी कतारें और घंटों इंतजार उनकी मजबूरी बन चुकी है।
अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीजों को न केवल उपचार में देरी हो रही है, बल्कि कई बार गंभीर मरीजों को बड़ी घटनाओं के लिए अन्य जिलों में रेफर करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द रिक्त पदों पर डॉक्टरों की नियुक्ति करनी चाहिए, ताकि जिला अस्पताल वास्तव में स्वास्थ्य सेवा का केंद्र बन सके, न कि सिर्फ एक रेफर हब।





