विकासनगर में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Run for Unity’ का भव्य आयोजन

विकासनगर में लौह पुरुष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Run for Unity’ का भव्य आयोजन

स्थान: विकासनगर, देहरादून
रिपोर्टर: इलम सिंह चौहान

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज विकासनगर कोतवाली पुलिस की ओर से “Run for Unity” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, एथलेटिक क्लब सदस्य, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल के जवान और सिविल सोसाइटी के लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने स्वयं भी दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

दौड़ से पहले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा—

“आज का दिन देश के लिए गर्व का दिन है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने जिस दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोया, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए काम करना चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा।
“Run for Unity” ने विकासनगर की गलियों में देशभक्ति और एकता का संदेश बिखेर दिया।