

स्थान- खटीमा, उधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार

ऊंची महुवट क्षेत्र के ग्रामीणों ने आज तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी तुषार सैनी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से इस भूमि पर निवास कर रहे हैं और नियमित रूप से भूमि का लगान भी जमा कर रहे हैं, बावजूद इसके प्रशासन उन्हें बेदखल करने की कार्रवाई कर रहा है।





ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीने से लगान से संबंधित नोटिस आना बंद हो गया है, और अब अचानक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष गंभीर सिंह धामी ने कहा कि, “सरकार को पहले ग्रामीणों को नोटिस भेजना चाहिए था। यदि उन्हें हटाना आवश्यक है, तो पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।”




वहीं, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी परियोजना के लिए निर्धारित है, इसलिए इसे खाली कराया जा रहा है। हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि —
“ग्रामीणों की स्थिति को देखते हुए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेगा। पुनर्वास या वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने पर विचार किया जाएगा, ताकि किसी को भी बेघर न होना पड़े।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मानवीय आधार पर समाधान निकालने की मांग की है।





