

रिपोर्ट – संजय
स्थान – रानीखेत

पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मनकामेश्वर मंदिर लाइन सैन्य क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक सोने का पेंडल, दो सोने की अंगूठियां और 15,450 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।




पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले सैन्य क्षेत्र में अज्ञात चोर द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।



सीओ विमल प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का नाम संतोष सिंह है, जो काफी शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ देहरादून सहित अन्य राज्यों में चोरी के 24 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 को मनकामेश्वर मंदिर सैन्य क्षेत्र में हुई चोरी की एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके बाद जांच में करीब 80 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, और आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, चोरी का खुलासा करने वाली टीम की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को ₹5000 का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इस सफलता के साथ पुलिस ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि कानून के शिकंजे से कोई भी अपराधी नहीं बच सकता।




