ऋषिकेश की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर तनु रावत विवादों में घिरीं, जयराम आश्रम में उत्तेजक कपड़ों में वीडियो शूट पर बवाल

ऋषिकेश की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर तनु रावत विवादों में घिरीं, जयराम आश्रम में उत्तेजक कपड़ों में वीडियो शूट पर बवाल

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

हिंदू संगठनों ने जताया विरोध, आश्रम प्रशासन से फ्लैट खाली कराने की मांग

सोशल मीडिया पर एक्टिंग और डांस वीडियोज से पहचान बनाने वाली ऋषिकेश निवासी तनु रावत इन दिनों एक नए विवाद के चलते सुर्खियों में हैं। दरअसल, तनु रावत ने जयराम आश्रम की एक बिल्डिंग में रात के समय उत्तेजक कपड़ों में वीडियो शूट किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

इस घटना के बाद राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने तनु रावत के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि राम के नाम से जुड़े पवित्र परिसर में इस तरह की अशोभनीय शूटिंग अस्वीकार्य है। उन्होंने जयराम आश्रम प्रबंधन से तनु रावत का फ्लैट खाली कराने की मांग भी की है।

राघवेंद्र भटनागर ने मायाकुंड स्थित हनुमान मंदिर में संतों के साथ प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि ऋषिकेश की संस्कृति और धार्मिक आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा,

“तीर्थनगरी की मर्यादा और धार्मिक वातावरण के विपरीत किसी भी गतिविधि को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

संतों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि तीर्थ क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधियां शुभ संकेत नहीं हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर ऐसे कृत्यों पर रोक लगाने की मांग की है।

वहीं, सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग तनु रावत के समर्थन में हैं, जबकि कई लोग धार्मिक स्थानों की गरिमा को बनाए रखने की बात कह रहे हैं।