अल्मोड़ा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन

अल्मोड़ा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन

स्थान: अल्मोड़ा
रिपोर्ट: संजय जोशी

राष्ट्र के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज अल्मोड़ा जिले में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा और मेयर अजय वर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौड़ में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बल, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रन फॉर यूनिटी की शुरुआत हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम से हुई और इसका समापन नवीन पार्किंग स्थल टेस्ट स्टैंड तिराहा पर हुआ। प्रतिभागियों ने हाथों में एकता और अखंडता के संदेश वाले बैनर लेकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति से भर दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि “सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता की नींव रखी, हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।” उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ स्वच्छता अभियान में योगदान देने की अपील की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने युवाओं से कहा कि वे देश की एकता, सामाजिक सौहार्द और अनुशासन की भावना को हमेशा बनाए रखें।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। आयोजकों ने सभी से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं स्वच्छ रहें, बल्कि अपने आस-पास के लोगों को भी स्वच्छता और एकता का संदेश दें।

यह आयोजन सरदार पटेल की उस अदम्य भावना को समर्पित रहा, जिसने आज़ाद भारत को एक सूत्र में पिरोया और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाया।