

स्थान – रुड़की
संवाददाता – प्रवेश राय

महिलाओं से मारपीट का आरोप, पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

कोतवाली क्षेत्र के जौरासी जबरदस्तपुर गांव में बुधवार रात अवैध शराब की सूचना पर गई पुलिस टीम और ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक घर में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है।




सूचना के आधार पर पुलिस ने गांव में छापा मारा, लेकिन मौके से शराब बरामद नहीं हो सकी। इसी दौरान पुलिस ने सुरेश नामक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया, जिसके विरोध में उसके परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। विरोध बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और बहस शुरू हो गई।


इसी बीच किसी ग्रामीण ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी एक कार में बैठ रहे हैं, तभी ग्रामीण उनका विरोध करते हैं। इसी दौरान एक पुलिसकर्मी कथित रूप से पिस्टल दिखाकर डराने की कोशिश करता हुआ दिखाई देता है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।



वहीं, पुलिस ने सुरेश को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस बीच सुरेश की पत्नी ने पुलिस पर महिलाओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि “सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव में गई थी, लेकिन शराब बरामद नहीं हुई। वहां ग्रामीणों के साथ झड़प की स्थिति बन गई थी। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।”

गांव में फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बताया जा रहा है, जबकि पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में रखा है।




