हरिद्वार में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि

रिपोर्टर: हजाद अली
स्थान: हरिद्वार

विधायक आदेश चौहान और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हरिद्वार पुलिस द्वारा बहादराबाद में “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन बड़े उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक आदेश चौहान और थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर बच्चों, युवाओं और पुलिसकर्मियों ने दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश दिया।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल देश की एकता और अखंडता के महान प्रतीक थे। उन्होंने अपने अडिग निश्चय और नेतृत्व से आज़ाद भारत को एक सूत्र में पिरोया।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपनों को साकार करने के लिए हर नागरिक को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

वहीं थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने कहा कि “हरिद्वार पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को भी मजबूत कर रही है। ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा और देश के प्रति समर्पण की भावना जगाते हैं।”

बहादराबाद की गलियों में इस दौरान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘जय सरदार पटेल’ के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ावा देते हैं।