

रिपोर्टर: अश्वनी दीक्षित

स्थान: सिसौना सितारगंज, उधम सिंह नगर

प्राचार्य पर लगाया अनदेखी का आरोप, पुलिस ने संभाला मामला

सितारगंज के सिसौना राजकीय महाविद्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कॉलेज की छात्रा राजविंदर कौर अचानक कॉलेज की छत पर चढ़ गई। देखते ही देखते कॉलेज परिसर में छात्रों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।





सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को संभाल लिया। बताया जा रहा है कि छात्रा राजविंदर कौर के पास पेट्रोल की बोतल भी थी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राजविंदर कौर ने कॉलेज की प्राचार्य रेनू बंसल पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं करती हैं। गौरतलब है कि 24 सितंबर को छात्र संघ चुनाव के दौरान अध्यक्ष पद के लिए राजविंदर कौर का पर्चा खारिज कर दिया गया था।



इसके बाद 16 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने अध्यक्ष पद पर दोबारा चुनाव कराने के आदेश दिए थे, लेकिन कॉलेज प्रशासन की धीमी कार्यवाही से छात्रा नाराज़ बताई जा रही है।

वहीं, प्राचार्य रेनू बंसल ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रों को सभी आवश्यक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराता रहेगा और किसी भी समस्या के समाधान में सहयोग करेगा।
फिलहाल पुलिस ने छात्रा को शांत कर नीचे उतार लिया है, और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




