

लोकेशन – विकासनगर
रिपोर्ट – सतपाल धानिया

चलती गाड़ी बनी आग का गोला, चालक ने बचाई जान

देहरादून जिले के कालसी थाना क्षेत्र के सहिया से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पराली से भरी एक यूटिलिटी अचानक आग के गोले में तब्दील हो गई। चलते वाहन में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते भीषण रूप ले लिया और आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।




गनीमत रही कि वाहन सवारों ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि यह यूटिलिटी सुबह विकासनगर से पराली लेकर सुरेऊ की ओर जा रही थी, जब चापनू के पास अचानक वाहन में आग लग गई।





आग लगने के बाद चालक ने कुछ दूर तक जलते वाहन को दौड़ाया, लेकिन आग ने जल्द ही पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन इस हादसे ने लोगों को दहला दिया है।




