उत्तराखंड स्थापना दिवस: लोहाघाट में रजत जयंती की जोरदार तैयारियां महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए होंगी विविध प्रतियोगिताएं

उत्तराखंड स्थापना दिवस: लोहाघाट में रजत जयंती की जोरदार तैयारियां महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए होंगी विविध प्रतियोगिताएं

स्थान: लोहाघाट (चंपावत )
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

09 नवंबर को उत्तराखंड राज्य अपने 25वें स्थापना दिवस यानी रजत जयंती वर्ष का जश्न पूरे राज्य में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोहाघाट नगर में भी तैयारियां जोरों पर हैं।

गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा की अध्यक्षता में राज्य स्थापना दिवस को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर के जनप्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग और सभी विद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में तय किया गया कि 09 नवंबर को बारात घर मैदान में भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर महिलाओं के लिए रस्साकस्सी, घड़ा फोड़, म्यूजिकल चेयर रेस, रंगोली और अन्य खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। साथ ही बच्चों के लिए शैक्षिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं, तथा बुजुर्गों के लिए वॉक का आयोजन भी किया जाएगा।

पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि रजत जयंती राज्य स्थापना दिवस को मातृशक्ति को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस दिन को ऐतिहासिक और यादगार बनाएं।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन में सभी विद्यालयों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा ताकि लोहाघाट में राज्य स्थापना दिवस को भव्य और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जा सके।