

स्थान: ऋषिकेश
रिपोर्ट: खुशबू गौतम

ढालवाला – खारास्त्रोत मुनि की रेती ढालवाला क्षेत्र में अंग्रेजी शराब के ठेके के खिलाफ स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का पांच दिनों से जारी विरोध आखिरकार बेअसर साबित हुआ। गुरुवार को प्रशासन ने पुलिस सुरक्षा के बीच ठेका खुलवा दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।




ठेका खुलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक निर्णय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और ठेका बंद कराने की मांग दोहराई। विरोध की आशंका को देखते हुए ठेके के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरा इलाका इस समय पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है।

बता दें कि सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे थे, लेकिन उनकी मांगों को नजरअंदाज करते हुए प्रशासन ने ठेका संचालन की अनुमति दे दी।




स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी और धार्मिक क्षेत्र में शराब का ठेका खुलना समाज के लिए घातक कदम है। इससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल बिगड़ सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ठेका नहीं हटाया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।




