मोतीमहल रेस्टोरेंट चोरी का खुलासा: नैनीताल पुलिस ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार चोरी किया गया आईफोन, तांबे का गागर और नकदी बरामद

मोतीमहल रेस्टोरेंट चोरी का खुलासा: नैनीताल पुलिस ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार चोरी किया गया आईफोन, तांबे का गागर और नकदी बरामद

नैनीताल – एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर नैनीताल पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोतीमहल रेस्टोरेंट चोरी कांड का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 27 अक्टूबर 2025 की रात की है, जब कोतवाली हल्द्वानी के सामने स्थित मोतीमहल रेस्टोरेंट में अज्ञात चोर ने छत के रास्ते से घुसकर ताला तोड़ दिया और अंदर से एक आईफोन, एक तांबे का गागर और नकदी चोरी कर ली। इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा अपराध संख्या 362/25 दर्ज किया गया था।

एसएसपी नैनीताल के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। एएसपी मनोज कत्याल, सीओ नितिन लोहनी और प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय खुफिया सूचना के आधार पर आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान पवन बिष्ट पुत्र जीवन सिंह बिष्ट निवासी ज्योलिकोट बीरबट्टी, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। उसे रेलवे ट्रैक के पास धोबी मोहल्ला, राजपुरा से चोरी किए गए सामान और ₹2,520 नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

बरामद माल:

  • एक आईफोन
  • एक तांबे का गागर
  • ₹2,520 नकद

पुलिस टीम:

  • उप निरीक्षक रेनू सिंह
  • हेड कांस्टेबल इसरार नबी
  • कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी
  • कांस्टेबल अनिल गिरी

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पुलिस जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।