

130 होटल-ढाबों और 8 बैरियरों पर सघन जांच, 413 लोगों का सत्यापन पूरा

नैनीताल – आगामी दिनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित भ्रमण को देखते हुए नैनीताल जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिलेभर में वृहद स्तर पर सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है।





पुलिस ने गुरुवार को 130 होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों की चेकिंग की, जबकि 413 लोगों का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही 8 प्रमुख बैरियरों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई।


एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती करें, होटल-ढाबों में ठहरे बाहरी व्यक्तियों की जांच करें और बी.डी.एस., स्वान दल व अभिसूचना इकाई की टीमों को ऑन वॉच मोड पर रखा जाए।





पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान कुछ स्थानों पर अनियमितता पाई गई, जिनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार फ्रिस्किंग और क्षेत्रीय गश्त कर रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।


नैनीताल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अराजक या संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तुरंत अपने नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम (9411112979 / 112) पर दें।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिले में सुरक्षा के अभेद इंतज़ाम किए जा रहे हैं और चेकिंग अभियान आगामी दिनों तक जारी रहेगा।




