ग्वालदम में पहली बार आयोजित होगी मिनी मैराथन, नशा मुक्त संदेश के साथ दौड़ेगा चमोली

ग्वालदम में पहली बार आयोजित होगी मिनी मैराथन, नशा मुक्त संदेश के साथ दौड़ेगा चमोली

थराली/चमोली
नवीन चन्दोला

महानगरों की तर्ज पर अब पहाड़ भी फिटनेस और जागरूकता की दौड़ में शामिल हो रहा है। चमोली जिले के छोटे से कस्बे ग्वालदम में पहली बार मिनी मैराथन (21.1 किलोमीटर) का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 31 अक्टूबर को ग्वालदम में होगा।

यह ऐतिहासिक दौड़ #Believer Foundation के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। मैराथन का रूट “ग्वालदम से तलवाड़ी और वापस ग्वालदम” तक तय किया गया है। आयोजन में एसएसबी ग्वालदम, भूतपूर्व सैनिक संगठन और स्थानीय लोग वॉलेंटियर के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं व्यापार संघ ग्वालदम और ग्राम पंचायत ग्वालदम भी आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।

अब तक करीब 100 धावक इस मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

#Believer Foundation की अध्यक्ष कंचन रावत ने बताया कि यह दौड़ नशे के खिलाफ एक जनजागरण अभियान के रूप में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह चमोली की धरती पर एक ऐतिहासिक मैराथन साबित होगी, जिसमें जिला प्रशासन भी अहम भूमिका निभा रहा है।

मैराथन की तैयारियों को लेकर आज ग्वालदम में भूतपूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायत सदस्य (चौण्डा वार्ड) कलावती देवी ने बताया कि आयोजन में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर सभी का उद्देश्य एक ही है— “नशा छोड़ो, स्वास्थ्य अपनाओ”। 31 अक्टूबर को ग्वालदम की वादियों में जब सैकड़ों कदम एक साथ दौड़ेंगे, तो यह संदेश पूरे चमोली में गूंजेगा।