हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया जाएगा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, एमबी इंटर कॉलेज बनेगा रजत जयंती समारोह का मंच

हल्द्वानी में धूमधाम से मनाया जाएगा उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, एमबी इंटर कॉलेज बनेगा रजत जयंती समारोह का मंच

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्ट.. ऋषि कपूर

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी में भव्य रजत जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 6 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज परिसर में होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव दीपेंद्र चौधरी समेत जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री गणेश जोशी ने बताया कि इस रजत जयंती समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं।

कार्यक्रम में सेना से जुड़े लोग, पूर्व सैनिक और वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। मंत्री जोशी ने कहा कि उत्तराखंड अब अपने 25वें स्थापना वर्ष में प्रवेश कर रहा है, और इन 25 वर्षों में राज्य ने विकास की एक मजबूत रफ्तार पकड़ी है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि समारोह यादगार बन सके। गणेश जोशी ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल हो।”

राज्य की रजत जयंती पर आयोजित यह समारोह उत्तराखंड की उपलब्धियों और गौरवशाली सफर को समर्पित होगा।