

स्थान – रुड़की/उत्तराखण्ड
संवाददाता – प्रवेश राय

नगर निगम रुड़की की आज हुई बोर्ड बैठक सफल रही, जिसमें सभी 40 वार्डों के पार्षदों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान प्रस्तुत सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद और एमएनए चंद्र प्रकाश तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे।





बैठक में तय किया गया कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्यों की शुरुआत शीघ्र की जाएगी। इस मौके पर नगर निगम की मेयर अनिता देवी अग्रवाल, उनके प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, निगम अधिकारी और सभी पार्षद उपस्थित रहे।

मेयर अनिता देवी अग्रवाल ने बैठक की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत में कोई बाधा नहीं है, क्योंकि सभी पार्षदों की सहमति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए निगम प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।





वहीं, एमएनए चंद्र प्रकाश तिवारी ने कहा कि शहर में जल्द ही नए विकास कार्य शुरू होंगे, जिनसे नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों को तेज गति से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान निगम अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की और पार्षदों से उनके सुझाव प्राप्त किए। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।




