उत्तरकाशी के युवाओं की अनोखी पहल — “नशा नहीं, ज़िंदगी” थीम पर बना म्यूजिकल बैण्ड

उत्तरकाशी के युवाओं की अनोखी पहल — “नशा नहीं, ज़िंदगी” थीम पर बना म्यूजिकल बैण्ड

रिपोर्ट – दीपक नौटियाल
स्थान – उत्तरकाशी

सीमांत जनपद उत्तरकाशी के युवाओं ने समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन के खिलाफ एक नई मुहिम की शुरुआत की है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से उन्होंने एक म्यूजिकल बैण्ड तैयार किया है, जिसकी थीम है — “नशा नहीं, ज़िंदगी”।

इस बैण्ड की पहल स्थानीय लोकगायक अनुराग ने की है। उनके नेतृत्व में जिले के दूरस्थ इलाकों से लेकर स्थानीय युवा इस मिशन से जुड़ रहे हैं। यह बैण्ड न केवल संगीत के माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश भी दे रहा है।

युवाओं का कहना है कि आज नशा केवल शराब या ड्रग्स तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल की लत और अन्य बुरी आदतें भी युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बना रही हैं। इससे कई परिवार बर्बादी के कगार पर पहुंच रहे हैं।

इस स्थिति को बदलने के लिए युवाओं ने संगीत को अपना हथियार बनाया है। उनका मानना है कि संगीत के जरिए युवा अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकते हैं और जीवन में नई शुरुआत कर सकते हैं।

बैण्ड से जुड़े सदस्यों ने बताया कि “नशा नहीं, ज़िंदगी” सिर्फ एक स्लोगन नहीं, बल्कि एक अभियान है जो उत्तरकाशी से शुरू होकर अब पूरा प्रदेश में फैलता जा रहा है। सैकड़ों युवा इस अभियान से जुड़कर अपनी प्रतिभा और सकारात्मक सोच से समाज में बदलाव लाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।