सितारगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सितारगंज में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

रिपोर्टर: तनवीर अंसारी

स्थान: सितारगंज

बीती रात एसएच हॉस्पिटल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क किनारे पानी में जा गिरा।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11 बजे हुआ जब बाइक सवार जसवीर सिंह (32 वर्ष), पुत्र बलविंदर सिंह, निवासी डुडार, अपने घर लौट रहे थे। तभी एसएच हॉस्पिटल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जसवीर सिंह बाइक सहित सड़क किनारे पानी में गिर पड़े।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को 108 एंबुलेंस के जरिए सीएचसी सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सितारगंज क्षेत्र में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले एक महीने में यहां आधे दर्जन से अधिक हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त और गति नियंत्रण उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।