

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने मंगलवार को पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रहलाद नारायण मीणा को भावभीनी विदाई दी। हल्द्वानी स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें मोमेंटो भेंट कर उनके उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए हृदय से धन्यवाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।





बीती रात राज्य सरकार द्वारा श्री मीणा को एसएसपी नैनीताल के पद से कार्यमुक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक, सतर्कता मुख्यालय, देहरादून के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपने कार्यकाल में श्री मीणा ने नैनीताल पुलिस को कई उपलब्धियों की राह दिखाई। उन्होंने नशे के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाते हुए अब तक 1130 तस्करों को गिरफ्तार किया और करीब 23 करोड़ रुपए के अवैध नशे को जब्त किया।


उनके नेतृत्व में बनभूलपुरा हिंसा के दौरान प्रभावी कानून व्यवस्था स्थापित की गई और 100 दंगाइयों को जेल भेजा गया। साथ ही, अवैध कसीनो, नकली नोट गिरोह, और फर्जी सोना गिरवी रखने वाले रैकेटों का भी पर्दाफाश किया गया।

उन्होंने जनपद में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल, लोकसभा और नगर निकाय चुनावों, तथा केंद्रीय गृह मंत्री व उपराष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान त्रुटिहीन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई।



एसएसपी मीणा ने अपने कार्यकाल में जनसंवाद, ई-चौपाल और फेसबुक लाइव सेमिनारों के माध्यम से जनता से सीधा संवाद कायम किया और पुलिस की छवि को जनसहयोग से जोड़ा। साथ ही, पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निशुल्क चिकित्सा शिविर और मानसिक स्वास्थ्य सेमिनार भी आयोजित कराए।
उन्होंने हल्द्वानी में सीसीटीवी से लैस कमांड एंड कंट्रोल रूम की स्थापना में भी अहम भूमिका निभाई, जिससे हल्द्वानी और नैनीताल शहर की सुरक्षा निगरानी और सुदृढ़ हो सकी।


विदाई समारोह में एसएसपी मीणा ने कहा—
“एक पुलिस अधिकारी का कैरेक्टर उसकी रैंक से नहीं, बल्कि उसकी सोच और जज्बे से बनता है। आप जिस पद और जिम्मेदारी पर हैं, उसमें पूरे मनोयोग और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करें। नशे के खिलाफ अभियान जारी रखें और ड्रग-फ्री देवभूमि बनाने में अपना योगदान दें।”


उन्होंने जनपद की सम्मानित जनता, मीडिया और पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि अपने कार्यकाल में उन्हें एक बेहतरीन टीमवर्क मिला, जिसने हर चुनौती को अवसर में बदला।
इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र को भी नैनीताल पुलिस ने विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

विदाई समारोह में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, सीओ सुमित पांडे, सीओ अमित कुमार, सीओ नितिन लोहनी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, राजकुमार बिष्ट, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



