

स्थान: रुड़की

थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर पांडा के जंगल में हाईटेंशन लाइन चोरी करने पहुंचे एक चोर को करंट ने ऐसा झटका दिया कि वह खंभे पर ही झूल गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।



जानकारी के मुताबिक, चोर देर रात जंगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार काटने पहुंचा था। जैसे ही उसने तार को काटा, अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह खंभे पर झूल गया और बेहोश हो गया।



सुबह जब बिजली विभाग की टीम फॉल्ट खोजने के लिए मौके पर पहुंची, तो उन्होंने खंभे पर एक व्यक्ति को तारों में उलझा देखा। कर्मचारियों ने तत्काल अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।



बाद में क्रेन की मदद से चोर को नीचे उतारा गया, इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि, “तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।”

घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोर के साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।



