

स्थान: चकराता

चकराता तहसील के मेहरावना गांव में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रिवर रेंज कालसी की टीम ने छापेमारी कर एक मकान से देवदार की लगभग 75 अवैध स्लीपर और खत वन क्षेत्र से 20 देवदार की कड़ियां बरामद की हैं।



वन विभाग को सूचना मिली थी कि गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से देवदार के पेड़ काटकर स्लीपर तैयार कर उन्हें बेचने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के नेतृत्व में टीम ने गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में लकड़ी बरामद की गई, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गया।



विभाग ने सभी स्लीपरों को कब्जे में लेकर राजस्व मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



वन क्षेत्राधिकारी विजय सिंह नेगी ने बताया कि विभाग क्षेत्र में अवैध पातन और लकड़ी तस्करी पर सख्त निगरानी रखे हुए है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।


उन्होंने चेतावनी दी कि वन संपदा से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और विभाग किसी भी हालत में अवैध लकड़ी तस्करी को बर्दाश्त नहीं करेगा।



