अल्मोड़ा के मल्ला महल परिसर में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक प्रसिद्ध जय गोल्ज्यू महोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष महोत्सव को भव्य और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर रूप में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ 30 अक्टूबर को डयोड़ी पोखर से मल्ला महल तक निकाली जाने वाली शोभायात्रा से किया जाएगा। इस शोभायात्रा में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु और स्थानीय कलाकार शामिल होंगे।
महोत्सव के दौरान भजन संध्या, जुड़ा नृत्य, एकल महिला नृत्य, पारंपरिक परिधान प्रतियोगिता और लोक गायन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मंच पर छोलिया, कत्थक और उत्तराखंडी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी।
आयोजकों के अनुसार, इस बार महोत्सव में जम्मू, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिम बंगाल से आए कलाकार अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
आयोजन समिति ने कहा कि “जय गोल्ज्यू महोत्सव न सिर्फ आस्था का प्रतीक है बल्कि यह हमारी लोक संस्कृति और परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।”