

स्थान – रुड़की (हरिद्वार)

रुड़की में नगर निगम भवन के सामने छठ पूजा के दौरान बड़ा हादसा टल गया, जब बिहार के गोपालगंज निवासी धनु सिंह नामक श्रद्धालु गंगनहर में डूबने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने जब यह देखा तो चीख-पुकार मच गई। तुरंत ही PAC के तैराक दल ने मौके पर पहुंचकर धनु सिंह को बचा लिया।




जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब छह बजे गंगनहर किनारे सैकड़ों श्रद्धालु छठ पूजा के लिए पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के बाद धनु सिंह नहाने के लिए गंगनहर में उतरे। बताया जा रहा है कि जोश में आकर उन्होंने गंगनहर पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच में पहुंचते ही तेज बहाव में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे।

आसपास मौजूद श्रद्धालुओं ने शोर मचाकर मदद के लिए पुकार लगाई। मौके पर तैनात PAC के जलवीर दल ने तुरंत एक्शन लिया, और कुछ ही पलों में धनु सिंह तक पहुंचकर उन्हें बोट के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला।




घटना के बाद श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। धनु सिंह के परिवार ने PAC तैराक दल और स्थानीय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मोनू जलवीर सहित पूरी PAC टीम गंगनहर किनारे तैनात रही, जिन्होंने मुस्तैदी और साहस का परिचय देते हुए एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
स्थानीय लोगों ने कहा — “अगर PAC के जलवीर मौके पर न होते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।”




