

रिपोर्टर – वसीम अहमद
स्थान -जसपुर

जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में धान खरीद केंद्रों पर धान की खरीद बंद होने से किसान परेशान हैं। धान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें अब मंडी परिसर में आम दृश्य बन चुकी हैं। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से पोर्टल बंद किए जाने के कारण उनकी फसल मंडियों में अटकी पड़ी है, जिससे उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।





किसानों ने बताया कि केंद्रों के पोर्टल खत्म हो गए हैं, और जब तक पोर्टल नहीं बढ़ाए जाएंगे, तब तक सारा दबाव मंडी समितियों पर बढ़ता रहेगा। वहीं मंडी परिसर में किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

किसानों का कहना है कि स्थानीय किसानों की आधी फसल (लगभग 50%) तक नहीं खरीदी गई है, जबकि कई बाहरी राज्यों से धान खरीदकर दलाल मंडियों में व्यापार कर रहे हैं, जिससे वास्तविक किसान सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।





धरने पर बैठे किसानों ने बताया कि कई किसान अब गेहूं की बुवाई की तैयारी, बेटियों की शादी या अन्य पारिवारिक कार्यों को लेकर चिंतित हैं, लेकिन कई-कई दिन बीत जाने के बाद भी धान तौल का नंबर नहीं आ पा रहा है।
धरना स्थल पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
किसानों का कहना है कि उनकी छह महीने की मेहनत और पूंजी अब खुले आसमान के नीचे पड़ी है, और अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है जिससे बातचीत कर समस्या का समाधान निकाला जा सके।

किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द धान खरीद पोर्टल नहीं खोले गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




