थलीसैंण प्रवास पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, किए कई विकास कार्यों का निरीक्षण और योजनाओं का शिलान्यास

थलीसैंण प्रवास पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, किए कई विकास कार्यों का निरीक्षण और योजनाओं का शिलान्यास

रिपोर्ट: भगवान‌ सिंह
स्थान: श्रीनगर, थलीसैंण (पौड़ी गढ़वाल)

उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत सोमवार को पूरे दिन थलीसैंण क्षेत्र के प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में प्रतिभाग, तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

डॉ. रावत ने सबसे पहले उपजिला चिकित्सालय थलीसैंण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय चिकित्सालय थलीसैंण पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों से वार्ता करते हुए उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजकीय महाविद्यालय थलीसैंण में निर्माणाधीन छात्रावास, खेल मैदान और बाउंड्री वॉल जैसे कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर बैठक

थलीसैंण क्षेत्र में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर भी मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि जंगली जानवरों से फसलों और पशुधन को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आधुनिक तकनीक और सुरक्षा उपाय अपनाए जाएं। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करने और राहत व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार इस समस्या के समाधान के लिए हरसंभव कदम उठा रही है ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

जनप्रतिनिधियों का सम्मान और भाजपा सदस्यता

मंत्री ने थलीसैंण ब्लॉक में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में भी भाग लिया। इस दौरान प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों को सम्मानित किया गया। कई जनप्रतिनिधियों ने इस अवसर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्र निर्माण अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया।

कैन्यूर-थलीसैंण पेयजल योजना का शिलान्यास

इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कैन्यूर-थलीसैंण पेयजल पंपिंग योजना का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने विकासखंड मुख्यालय में आयोजित बीडीसी बैठक में प्रतिभाग कर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ क्षेत्र के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की।

इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष कमल किशोर रावत, प्रमुख सुनीता रावत, जिला पंचायत सदस्य रजनी रावत, नरेंद्र रावत, मंडल अध्यक्ष आनंद नेगी, नवीन जोशी, सुरेंद्र सिंह नेगी, अंजली जोशी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा — “सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। थलीसैंण क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।”