

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का खटीमा में मंगलवार को अद्भुत और भव्य दृश्य देखने को मिला। ढलते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हजारों श्रद्धालु घाटों और नदी तटों पर उमड़ पड़े। पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और लोक परंपरा का अद्वितीय संगम देखने को मिला।




पूर्वांचल समाज के लोगों द्वारा आयोजित इस पर्व में खटीमा क्षेत्र के तमाम घाट श्रद्धालुओं से पटे रहे। बाइस पुल घाट, मझोला और बरी अंजनिया जैसे प्रमुख स्थलों पर भक्तों ने जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया की आराधना की। घाटों पर दीपों की लौ और भक्ति गीतों की गूंज ने माहौल को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया।




इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खटीमा में पहुंचकर छठ पूजा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जो लोक आस्था की गहराई को दर्शाता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, जिला पंचायत सदस्य रंजीत सिंह नामधारी, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र राणा और सागर धामी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


छठ पूजा के अवसर पर पूरा खटीमा क्षेत्र श्रद्धा और उत्सव के रंगों में रंग गया। घाटों पर छठ गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही और श्रद्धालुओं ने छठी मइया से अपने परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

खटीमा में इस अवसर पर जो दृश्य देखने को मिला, उसने एक बार फिर यह अहसास करा दिया कि छठ अब केवल पूर्वांचल का नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की आस्था का पर्व बन चुका है।




