राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 नवंबर को करेंगी हरिद्वार का दौरा, पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 नवंबर को करेंगी हरिद्वार का दौरा, पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

स्थान : हरिद्वार
संवाददाता : मनोज कश्यप

महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 2 नवंबर को हरिद्वार दौरे पर रहेंगी। अपने इस दौरे के दौरान वह पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके साथ ही राष्ट्रपति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर हरिद्वार प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा, ट्रैफिक और प्रोटोकॉल की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने सोमवार को हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा प्रबंधन, मार्ग व्यवस्था और अतिथियों की आवाजाही से जुड़े सभी बिंदुओं पर निर्देश दिए।

पतंजलि विश्वविद्यालय परिसर से लेकर पूरे मार्ग तक सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर ली गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार साइट निरीक्षण कर रहीं हैं, ताकि राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी इंतजाम चाक-चौबंद रहें।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर हरिद्वार में प्रशासनिक हलचल तेज़ हो गई है। ट्रैफिक व्यवस्था, वीवीआईपी सुरक्षा और कार्यक्रम संचालन से जुड़े विभागों के बीच लगातार समीक्षा बैठकें जारी हैं।

प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारू और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।