हरिद्वार में मॉनसून बाद खनन चुगान शुरू, रवासन नदी के कटेबढ़ गेट से हुई औपचारिक शुरुआत

हरिद्वार में मॉनसून बाद खनन चुगान शुरू, रवासन नदी के कटेबढ़ गेट से हुई औपचारिक शुरुआत

स्थान : हरिद्वार

मॉनसून सीजन के समाप्त होते ही हरिद्वार में वन विकास निगम ने खनन चुगान का कार्य फिर से शुरू कर दिया है। सोमवार को लालढांग क्षेत्र की रवासन नदी के कटेबढ़ गेट पर वर्ष 2025-26 के लिए खनन चुगान कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वन विकास निगम और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान डीएफओ ने बताया कि वन विकास निगम की ओर से खनन और चुगान कार्य के लिए लॉट आवंटित किए जाते हैं, जिनसे सरकार को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि इस बार खनन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और नियंत्रित बनाने के लिए कई नई व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

खनन स्थलों पर ओवरलोडिंग रोकने के लिए प्रत्येक गेट पर वेइंग मशीन (तौल कांटे) स्थापित की गई हैं, जिससे खनन सामग्रियों का सटीक वजन दर्ज किया जा सके। इसके अलावा, अवैध खनन और परिवहन पर निगरानी के लिए एसओजी टीमों और जांच दस्तों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि निगम की प्राथमिकता सुरक्षित और पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित खनन सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी ठेकेदारों और श्रमिकों से नियमों का पालन करते हुए कार्य करने की अपील की।

रवासन नदी के तट पर खनन चुगान की शुरुआत के साथ ही हरिद्वार जिले में खनन सीजन 2025-26 की औपचारिक शुरुआत हो गई है।