सितारगंज पुलिस की बड़ी सफलता — दो बाइक चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

सितारगंज पुलिस की बड़ी सफलता — दो बाइक चोर गिरफ्तार, तीन चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

स्थान: सितारगंज

रिपोर्टर: तनवीर अंसारी

अपराधियों के खिलाफ कोतवाली सितारगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने दो मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार कर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकें सितारगंज और नानकमत्ता क्षेत्र से चोरी की गई थीं।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में अस्पताल परिसर से दो मोटरसाइकिल चोरी की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल घटना के अनावरण के निर्देश दिए। निर्देशों के बाद पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक सितारगंज के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, साथ ही मैनुअल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के जरिए सुराग जुटाए। इसी क्रम में 26/27 अक्टूबर की रात पुलिस ने धानचौड़ा से उत्तर प्रदेश जाने वाले मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान —
बॉबी सक्सेना, पुत्र लेखराज सक्सेना, निवासी वार्ड नंबर 06, केशव नगर, सितारगंज (उम्र 20 वर्ष)
गौरव कश्यप, पुत्र मुकेश कश्यप, निवासी वार्ड नंबर 06, केशव नगर, सितारगंज (उम्र 20 वर्ष)

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सितारगंज और नानकमत्ता क्षेत्र से दो अन्य बाइक चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर मैनाझुण्डी श्मशान घाट के पीछे झाड़ियों से दो और बाइकें बरामद कीं।

बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाकर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चोरी व आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।