

स्थान: लक्सर
बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली भूमिका सैनी का लक्सर क्षेत्र में जोरदार स्वागत हुआ। निरंजनपुर गांव की रहने वाली भूमिका के स्वदेश लौटते ही गांव वालों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।



भूमिका सैनी लक्सर के निरंजनपुर गांव की बेटी हैं। उनके पिता सुरेंद्र कुमार सीमांत किसान हैं, जबकि माता बबीता देवी गृहणी हैं। भूमिका वर्तमान में लंढौरा के एक निजी कॉलेज में बीए सेकंड ईयर की छात्रा हैं। उन्होंने हाईस्कूल की पढ़ाई भिक्कमपुर के मदर मैरी स्कूल से और इंटरमीडिएट की शिक्षा गुरुकुल नारसन के निजी कॉलेज से पूरी की है।



भूमिका ने अपनी इस शानदार सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, परिजनों और कोच के मार्गदर्शन को दिया है। उनका सपना है कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन करें।

भूमिका की इस उपलब्धि से गांव में जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर और नाच-गाकर खुशी का इजहार किया। देर रात तक भूमिका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।





