

स्थान: रुड़की
पिरान कलियर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली चोरी करने वालों पर अब नकेल कसनी शुरू हो गई है। विद्युत विभाग और देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर लगभग दो दर्जन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया।




टीम ने पिरान कलियर और महमूदपुर गांव में बिजली चोरी की शिकायतों के बाद छापेमारी की। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, कई घरों और दुकानों में गैरकानूनी तारों के जरिए सीधे लाइन से सप्लाई ली जा रही थी। टीम ने मीटर चेक किए, केबल काटे और बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।




विजिलेंस के सहायक अभियंता धनंजय सिंह ने बताया कि लगभग दो दर्जन लोगों ने एलटी लाइन से अवैध कनेक्शन लिए पाए गए हैं, जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के कारण विभाग को हर महीने लाखों रुपए का नुकसान हो रहा था और कई उपभोक्ता वर्षों से बिना बिल दिए बिजली का उपयोग कर रहे थे।

धनंजय सिंह ने आगे कहा कि ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और बिजली चोरी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।





