


स्थान: लालकुआँ

पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा छठ महापर्व के अवसर पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन्हीं व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के लिए इज्जतनगर मंडल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने एडीआरएम मनोज कुमार और अन्य वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों के साथ लालकुआं रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने लालकुआं से कोलकाता और लालकुआं से प्रयागराज के बीच चलने वाली पूजा विशेष ट्रेनों की संचालन व्यवस्था, समय-सारणी और यात्री सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने यात्रियों को निर्बाध और सुरक्षित यात्रा सुविधा देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


इसके साथ ही डीआरएम ने स्टोर व मैकेनिकल रूम का निरीक्षण करते हुए ट्रेनों की मरम्मत, रखरखाव और संबंधित अभिलेखों की बारीकी से जांच की। उन्होंने कर्मचारियों को समय पर मरम्मत कार्य पूर्ण करने और यात्रियों को बेहतर सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए।



निरीक्षण के दौरान स्टेशन विस्तारीकरण कार्यों का भी जायज़ा लिया गया। डीआरएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन से आम लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



