


स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित मुख्य सेवक युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संकल्प लेकर लक्ष्य तय करें, नई स्किल सीखें और राज्य निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।



मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 1100 से अधिक स्टार्टअप्स को मान्यता दी जा चुकी है और 15 अत्याधुनिक इंक्यूबेटर स्थापित किए गए हैं, जो युवा उद्यमियों को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज का भारत युवा है — उसका मन भी युवा है और उसकी सोच भी युवा है।


सीएम धामी ने कहा कि यह अवसर उनके लिए विशेष है क्योंकि यह कोई औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “युवा मनों से सीधा संवाद” है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और स्किल पर ध्यान दें। उन्होंने कहा, “जिस देश के युवा ठान लें, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।”


मुख्यमंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा में कार्य किया है। उसी अनुभव से सीखा कि जब युवा ऊर्जा और सकारात्मक सोच से काम करते हैं, तो समाज और देश दोनों आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत की आर्थिक और सामाजिक प्रगति हमारे सजग और जागरूक युवाओं का परिणाम है। भारत ने हमेशा आधुनिकता को अपनाया है, और यही कारण है कि आज भारत से उठने वाली आवाज़ दुनिया की दिशा तय कर रही है।


धामी ने कहा कि हर युवा को यह तय करना चाहिए कि वह जीवन में क्या करना चाहता है। डॉक्टर या इंजीनियर बनना ही सफलता का एकमात्र रास्ता नहीं है। आज डिजिटल युग में डिजिटल मार्केटिंग, स्टार्टअप्स, एग्रीकल्चर टेक, पर्यटन, होटल मैनेजमेंट, रक्षा सेवाओं और सामाजिक कार्य जैसे अनगिनत क्षेत्र युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कई युवाओं के पास सीमित संसाधन होते हैं, लेकिन मजबूत इच्छाशक्ति से बड़ी से बड़ी चुनौतियाँ पार की जा सकती हैं। उन्होंने कहा — “इच्छाशक्ति हो तो पर्वत भी रास्ता दे देते हैं।”
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे और मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अपने विचार साझा किए। पूरा माहौल उत्साह और ऊर्जा से भर गया।


