

गोपेश्वर-पोखरी मोटरमार्ग पर देवखाल के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि गिरते समय वाहन कई चट्टानों से टकराया, जिससे उसमें आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग सवार थे।



दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायल को बमुश्किल खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।



पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क संकरी होने और मोड़ पर गाड़ी की गति अधिक होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।


इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।





