छुट्टियों में मसूरी में भीषण जाम, 32 किलोमीटर का सफर बन गया 3-4 घंटे का

छुट्टियों में मसूरी में भीषण जाम, 32 किलोमीटर का सफर बन गया 3-4 घंटे का

रिपोर्टर : सुनील सोनकर
स्थान : मसूरी/देहरादून

मसूरी। छुट्टियों और त्योहारों के मौसम में ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी यातायात जाम की समस्या से कराह रही है। देहरादून से मसूरी का महज 32 किलोमीटर का सफर, जो सामान्य तौर पर 1 घंटे में तय होता है, अब 3 से 4 घंटे में पूरा हो रहा है। गांधी चौक, लाइब्रेरी चौक, मालरोड और केंपटी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे सैलानी और स्थानीय लोग घंटों फंसे रहे।

15 सितंबर की प्राकृतिक आपदा के बाद कोलूखेत झरने के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। मरम्मत का काम जारी है और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है, लेकिन यही अस्थायी इंतजाम अब बड़ी समस्या बन गया है।

स्थानीय निवासी अनिल सिंह ने कहा, “हर सीजन यही होता है, पुलिस सिर्फ बेरिकेड लगाकर औपचारिकता निभाती है।” मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि पुलिस बल तैनात है और यातायात नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की जा रही है।

स्थानीय व्यापारी प्रशासन से स्थायी ट्रैफिक प्लान बनाने की मांग कर रहे हैं, ताकि सैलानी जाम में न फंसे और पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद ले सकें।