हरिद्वार के जमालपुर कला में दिखा आठ हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत

हरिद्वार के जमालपुर कला में दिखा आठ हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत

स्थान : हरिद्वार

जिले के ग्राम जमालपुर कला में बुधवार सुबह आठ जंगली हाथियों का झुंड दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों के झुंड को सड़कों और खेतों में दौड़ते देख ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथियों का झुंड कॉलोनी से होते हुए गन्ने के खेतों की ओर निकल गया और इस दौरान फसलों को तहस-नहस कर दिया। अचानक आई इस आपदा से किसान बेहद परेशान हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन जंगली हाथी आबादी वाले इलाकों में पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों की जान-माल को खतरा बढ़ता जा रहा है।

लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण इंसान और वन्यजीवों के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है।

वहीं, वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है और हाथियों को जंगल की ओर वापस ले जाने के प्रयास जारी हैं।