


स्थान : हरिद्वार


हरिद्वार। दिवाली से पहले हरिद्वार पुलिस ने जनता को खुशियों का तोहफा दिया है। थाना सिडकुल पुलिस ने “ऑपरेशन रिकवरी” के तहत कार्रवाई करते हुए 32 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 8 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।



यह अभियान एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इन मोबाइलों को ट्रेस किया। बरामद फोन में कई ऐसे मोबाइल भी शामिल हैं जो अन्य राज्यों से आए सिडकुल कर्मचारियों के थे।


बताया जा रहा है कि इससे पहले नवरात्रि के दौरान पुलिस ने 70 मोबाइल लौटाकर लोगों का भरोसा जीता था। अब दिवाली से पहले एक बार फिर हरिद्वार पुलिस ने जनता को “खुशियों का स्पेशल गिफ्ट” दिया है।



मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने फोन मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की मुहिम ने उनका विश्वास फिर से मजबूत कर दिया।


जनता ने हरिद्वार पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे “दिवाली से पहले खुशियों का तोहफा” बताया।


पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर किसी को कोई लावारिस मोबाइल फोन मिलता है, तो वह तुरंत अपने नजदीकी थाना या पुलिस चौकी में जमा कराए, ताकि मोबाइल उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।



