टेंपो से अवैध शराब की तस्करी, दो गिरफ्तार — हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

टेंपो से अवैध शराब की तस्करी, दो गिरफ्तार — हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

हल्द्वानी। आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए जिलेभर में चल रही पुलिस की सघन चेकिंग अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने टेंपो के जरिए अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के दौरान सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा के नेतृत्व में हीरानगर चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम ने टेंपो संख्या UK 04 TB 0440 को चेकिंग के दौरान रोका। तलाशी लेने पर पुलिस को वाहन से चार पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 12 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड, 12 बोतल रॉयल चैलेंज और 96 क्वार्टर इंपिरियल ब्लू शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित आर्य (32 वर्ष) पुत्र प्रेम राम, निवासी नाबाड खेड़ा, गोलापार, थाना काठगोदाम और अमन अंसारी पुत्र सईद अंसारी, निवासी लाइन नंबर 10, निकट सुनहरी मस्जिद, थाना बनभूलपुरा के रूप में हुई है।

दोनों अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस टीम के उप निरीक्षक कृपाल सिंह (प्रभारी चौकी हीरानगर) तथा कांस्टेबल ललित नाथ शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि दीपावली त्योहार के दौरान शराब, मादक पदार्थों और अवैध वस्तुओं की तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।