


बाजपुर। विकास खंड बाजपुर में ब्लॉक प्रमुख सुखमन कौर औलख की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों के स्वागत और परिचय के साथ किया।



इस दौरान खण्ड विकास अधिकारी (BDO) शेखर जोशी ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया और कार्यवाही प्रारंभ की। बैठक में विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों ने अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों में आ रही समस्याओं और मांगों को विभागवार अधिकारियों के सामने रखा।


बैठक में बेरिया दौलत, शिवपुरी, महेशपुरा और हरसान क्षेत्रों में विद्युत पोलों की आवश्यकता और झूलते तारों को ठीक करने की मांग उठाई गई



वहीं, जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र शर्मा ने हरलालपुर स्कूल परिसर के बीच से गुजर रही विद्युत लाइन को तत्काल शिफ्ट करने की आवश्यकता पर जोर दिया।


ब्लॉक प्रमुख सुखमन कौर औलख ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्य करें ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।




