


गोपेश्वर। बॉलीवुड अभिनेत्री सारा अली खान गुरुवार को भगवान रुद्रनाथ के दर्शन के लिए गोपेश्वर पहुंचीं। अपनी धार्मिक यात्राओं के लिए मशहूर सारा ने इस बार 19 किलोमीटर की कठिन हिमालयी चढ़ाई पैदल पूरी की। रुद्रनाथ धाम पहुंचकर वह आध्यात्मिक वातावरण और हिमालय की प्राकृतिक छटा देखकर पूरी तरह अभिभूत हो गईं।



सारा अली खान ने एक आम श्रद्धालु की तरह श्रद्धाभाव से भगवान रुद्रनाथ के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर की पवित्र भूमि पर कुछ समय ध्यान भी लगाया और हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव किया। उनका यह आध्यात्मिक और साहसिक अनुभव न केवल उनके प्रशंसकों के लिए प्रेरणा है, बल्कि उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देता है।


यात्रा के दौरान अभिनेत्री ने स्थानीय खान-पान का भी आनंद लिया। यात्रियों की सेवा में लगे देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि सारा ने पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद चखा। उन्हें पहाड़ी दाल और राजमा इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे ‘अद्भुत स्वाद’ बताया। जब सारा ने इसका रहस्य पूछा, तो उन्हें बताया गया कि यह व्यंजन पहाड़ी गाय के दूध से बने शुद्ध घी में तैयार किया गया है।



लंबी चढ़ाई के दौरान सारा ने एक ढाबे पर रुककर स्थानीय दालचीनी और औषधीय मसालों से बनी चाय भी चखी। इस विशेष पहाड़ी चाय की महक ने उन्हें काफी प्रभावित किया।


सारा अली खान ने रुद्रनाथ की भव्यता और शांति से प्रभावित होकर इसे एक आत्मिक अनुभव बताया। उन्होंने हिमालय के प्राकृतिक नजारों का भी खूब आनंद लिया, जो उत्तराखंड की सांस्कृतिक समृद्धि और प्राकृतिक सुंदरता को दर्शाते हैं।



