भू-बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में देव डोलियों का उत्सव — आध्यात्मिक पर्यटन चरम पर

भू-बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में देव डोलियों का उत्सव — आध्यात्मिक पर्यटन चरम पर

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : बद्रीनाथ धाम

बद्रीनाथ। भू-बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम इन दिनों तीर्थ यात्रियों की आमद से गुलज़ार है। धाम में न केवल श्रद्धालु बल्कि सूबे के विभिन्न जनपदों के ग्रामीण अंचलों से आए आराध्य देवी-देवताओं की देव डोलियां भी पहुंच रही हैं। ये डोलियां श्री हरि नारायण प्रभु बदरी विशाल जी के दर्शनों के साथ आत्मीय भेंट हेतु आई हैं, जिससे बदरी पुरी में आध्यात्मिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन अपने चरम पर है।

प्रत्येक दिन देव डोलियों का आगमन जारी है और मंदिर परिसर में पूजन एवं नृत्य कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

बीकेटीसी प्रबंधन द्वारा सभी देव डोलियों के लिए दर्शन, पूजन और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

कार्तिक मास के देव स्नान के अवसर पर लगातार देव डोलियों की यात्रा बदरी पुरी को और भी गुलज़ार और धार्मिक रूप से समृद्ध बना रही है। श्रद्धालु और पर्यटक इस अवसर का लाभ उठाते हुए आध्यात्मिक आनंद और सांस्कृतिक अनुभव का हिस्सा बन रहे हैं।